संवाददाता, कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 1 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रदान की गई, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए उसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया। इसमें पॉक्सो एक्ट (POCSO), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
पुलिस विभाग के अनुसार मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। यह अभियान प्रदेशभर में निरंतर संचालित किया जा रहा है ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।