आंधी-तूफान के बाद जिलाधिकारी की त्वरित पहल, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था बहाल करने हेतु टीम गठित कर दिए सख्त निर्देश

विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं जल निगम अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक, आमजन को राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता

जनपद जालौन | 30 मई 2026 | सूचना विभाग प्रकाशनार्थ

जनपद में 28 मई की बीती रात आए तेज आंधी-तूफान एवं खराब मौसम के कारण कई क्षेत्रों में विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने के दृष्टिगत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की समीक्षा की तथा युद्धस्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुविधाओं की बहाली प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी क्षेत्र में विद्युत अथवा पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, टूटे तारों एवं अन्य तकनीकी बाधाओं का सर्वेक्षण कार्य तेजी से पूर्ण कर युद्धस्तर पर मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल कराई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां आपूर्ति बहाली में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान एवं जल निगम को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए, प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति की अद्यतन स्थिति से समय-समय पर प्रशासन को अवगत कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *