सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

संवाददाता : कानपुर देहात

कानपुर देहात, 29 मई 2026। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

जागरूकता अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन तथा 1076 पुलिस कंट्रोल रूम प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं को यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए उसके उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर बढ़ रहे साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी आदि से बचाव के व्यावहारिक उपायों की भी जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें पॉक्सो (POCSO) एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी प्रदान की गई।

मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को और अधिक प्रभावी बनाना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने या उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *