संवाददाता : कानपुर देहात
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक, विश्वविद्यालय द्वारा नामित प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने परीक्षा की शुचिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद में 31 मई 2026 को कुल तीन परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में बीएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 09:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से 05:00 बजे तक संपन्न होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के लिए अकबरपुर महाविद्यालय अकबरपुर, अकबरपुर इंटर कॉलेज तथा श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज, पुखरायां को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा में लगभग 1405 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पुनः भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत व्यवस्था, पंखे एवं स्वच्छता सहित सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जिन्हें पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए तथा वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए पर्याप्त परिवहन साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, नकल अथवा परीक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से सभी संबंधित अधिकारियों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक ब्रजभूषण चौधरी, प्राचार्य अकबरपुर महाविद्यालय सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।