जनपद जालौन, 27 मई 2026 | सूचना विभाग प्रकाशनार्थ

मुख्यमंत्री के निर्देश पर 24 घंटे के भीतर पीड़ित परिवारों को मिली राहत

ग्राम टीकर अग्निकांड में प्रशासन बना सहारा, एसडीएम उरई ने सौंपी आर्थिक सहायता

विकासखंड डकोर के ग्राम टीकर में बीते दिवस अज्ञात कारणों से दो घरों में आग लगने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देश हैं कि दैवीय आपदा से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर सहायता प्रदान की जाए। इसी क्रम में प्रशासन ने संवेदनशीलता एवं तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य पूरा किया।

उप जिलाधिकारी उरई ज्योति सिंह ने मौके पर पहुंचकर आग से प्रभावित कमलेश पत्नी पुनु एवं कस्तूरी पत्नी शिवकुमार से मुलाकात की तथा घटना की जानकारी लेकर उन्हें ढांढस बंधाया।

एसडीएम द्वारा दोनों पीड़ित परिवारों को ₹1.20 लाख-₹1.20 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त प्रभावित परिवारों को दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री किट भी उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिल सके।

उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन स्तर से अनुमन्य हर संभव सहायता प्राथमिकता के आधार पर पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है तथा किसी भी पीड़ित को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *