जनगणना-2027 के स्वगणना अभियान में जालौन में दिखा जनसहभागिता का उत्साह

संवाददाता | उरई/जालौन

जनपद जालौन में जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे स्वगणना महाभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर एवं मोहल्ला सुशील नगर से प्रारंभ किए गए इस विशेष अभियान में अब तक 20 हजार से अधिक नागरिक स्वेच्छा से अपनी स्वगणना पूर्ण कर चुके हैं। जनपदवासियों में अभियान को लेकर उत्साह एवं जागरूकता का माहौल देखने को मिल रहा है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक एवं जनसहभागिता आधारित बनाना है। अभियान के तहत नागरिक ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी पारिवारिक एवं सामाजिक जानकारी दर्ज कर रहे हैं, जिससे भविष्य की विकास योजनाओं के लिए सशक्त आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

अभियान के अगले चरण में विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारी एवं गणनाकर्मी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी एकत्रित करेंगे। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज की जा सके।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करें तथा घर पहुंचने वाली टीम को सही जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशासन के अनुसार जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की मजबूत नींव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *