जिला क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

संवाददाता | कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिला क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति तथा जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में लखपति दीदी योजना की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रगति संतोषजनक न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिवार संतृप्तिकरण पर विशेष बल देते हुए सभी विभागों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समूह गठन की धीमी प्रगति पर ब्लॉक मिशन मैनेजरों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए दैनिक समीक्षा के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी ब्लॉक मिशन मैनेजर एवं जिला मिशन मैनेजर को फील्ड में रहकर कार्य करने तथा पूर्व गठित स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते अगली समीक्षा बैठक से पहले शत-प्रतिशत खोलने को कहा गया।

बैठक में स्टार्टअप योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम संगठनों को प्रोत्साहित करने, पात्र समूहों की पत्रावलियां तैयार कर ग्राम निधि पर मांग दर्ज कराने, लंबित आरएफ एवं सीआईएफ वितरण पत्रावलियों को शीघ्र पूर्ण करने तथा एसएचजी, वीओ एवं सीएलएफ के ऑडिट की ऑनलाइन फीडिंग एक सप्ताह में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी कैडरों की जानकारी समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड करने को भी कहा गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागीय योजनाओं से समूहों की महिलाओं को लाभान्वित कर उन्हें “लखपति दीदी” बनाने की दिशा में कार्य किया जाए। साथ ही ब्लॉक स्तर की समीक्षा बैठकों में सरकारी योजनाओं के प्रति उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

आरसेटी निदेशक मयंक कटियार को संस्थान में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में विभागीय योजनाओं का पीपीटी के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, डीसी एनआरएलएम गंगाराम, उपायुक्त नरेगा अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *