कौशल सुधार प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित

संवाददाता | कानपुर देहात

जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में कौशल सुधार प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में 15 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

योजना के अंतर्गत सामान्य वर्ग के 25 अभ्यर्थियों को दर्जी प्रशिक्षण तथा 25 अभ्यर्थियों को ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण प्रदान किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। एक परिवार से केवल एक सदस्य ही आवेदन कर सकेगा। दिव्यांगजन, बीपीएल परिवारों के सदस्य तथा महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों एवं नगर पंचायतों (वर्ष 2001 की जनगणना के अनुसार जिनकी जनसंख्या 25 हजार से अधिक न हो) के इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्राप्त आवेदनों में स्कोर कार्ड के आधार पर न्यूनतम 60 अंक या उससे अधिक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित सूची को प्राचार्य, मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र कालपी, जालौन को प्रशिक्षण हेतु ऑनलाइन भेजा जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी 31 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, रनियां, कानपुर देहात में संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *