उम्मीद पोर्टल पर वक्फ संपत्तियों का विवरण अपडेट कराने के निर्देश

संवाददाता | उरई/जालौन

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं सहायक सर्वे कमिश्नर वक्फ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सर्वे कमिश्नर वक्फ, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में वक्फ संपत्तियों से संबंधित जानकारी को केंद्रीय उम्मीद पोर्टल-2025 पर निर्धारित मानकों के अनुसार अपडेट एवं संशोधित किया जाना है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, पीएम विकास एवं वक्फ से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक में यह पाया गया कि उम्मीद पोर्टल पर अपलोड की गई कई जानकारियां दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं हैं। ऐसे में संबंधित सूचनाओं एवं दस्तावेजों को एक माह के भीतर संशोधित एवं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

विशेष रूप से 50 एकड़ से अधिक भूमि क्षेत्र वाली वक्फ संपत्तियों के मामलों पर प्राथमिकता से कार्य करने को कहा गया है। इसके लिए कलैक्ट्रेट स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाने के निर्देश भी प्राप्त हुए हैं, ताकि अपलोड की गई सूचनाओं एवं अभिलेखों का सत्यापन और संकलन समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद जालौन के सभी मुतवल्ली, प्रबंध समिति एवं प्रशासकों से अपील की है कि वे केंद्रीय उम्मीद पोर्टल-2025 पर अपलोड की गई वक्फ संपत्तियों से संबंधित जानकारी, दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक विवरण कार्यालय कक्ष संख्या-21, सहायक सर्वे वक्फ आयुक्त/जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट उरई में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि समय से जानकारी उपलब्ध कराने से पोर्टल पर लंबित कार्यों को निर्धारित अवधि में पूर्ण कराने में सहायता मिलेगी तथा भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक असुविधा नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *