जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियां पूरी, 22 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण कार्य 20 जून तक घर-घर जाकर जुटाई जाएगी जानकारी, प्रशासन ने की सहयोग की अपील

संवाददाता | कानपुर देहात

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद में प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” का कार्य 22 मई से प्रारंभ होकर 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।

इस अभियान के अंतर्गत प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक भवन एवं मकान का चिन्हीकरण करेंगे तथा मकानों से संबंधित आवश्यक जानकारी निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करेंगे।

उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद में लगभग 3314 प्रगणक एवं 550 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जनपद में कुल 3460 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्धारित किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित तहसीलों के तहसीलदारों को चार्ज अधिकारी तथा नगरीय क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य की प्रभावी निगरानी एवं समन्वय के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश की सामाजिक, आर्थिक एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आवास, विद्युत, रोजगार एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है।

उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य में लगे प्रगणक निर्धारित पहचान पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ घर-घर पहुंचेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराते हुए जनगणना कार्य में सहयोग करें। दी गई सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं शासकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व है। सभी नागरिक सक्रिय सहभागिता निभाते हुए प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनपद एवं देश के विकास के लिए सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *