संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनी गईं। जनसुनवाई के दौरान जनपद की विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराया जाए, जिससे प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो सके।
जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनशिकायत निस्तारण प्रणाली के अंतर्गत संचालित आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर प्राप्त कोई भी शिकायत लंबित न रहे तथा सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई को प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (ज़ूम) के माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।