संवाददाता | कानपुर देहात
आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा कारीगरों के लिए निःशुल्क टूलकिट वितरण योजना संचालित की जा रही है। इसी क्रम में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के पात्र कारीगरों को 8 पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन निःशुल्क वितरित की जाएंगी।
यह योजना विशेष रूप से पॉपकॉर्न बनाने वाले भुर्जी समाज के पारंपरिक कारीगरों एवं इस उद्योग में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए संचालित की जा रही है। लाभार्थियों का चयन निर्धारित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड वेबसाइट पर जाकर “ऑनलाइन टूलकिट्स पंजीकरण एवं आवंटन” विकल्प के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण के बाद आवेदन पत्र की प्रति 30 मई 2026 तक कार्यालय जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, चिटिकपुर, रनियां, कानपुर देहात में जमा करनी होगी।
आवेदन के लिए पात्रता
- आवेदक की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- आवेदक संबंधित उद्योग का पारंपरिक कारीगर हो।
- आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर अनिवार्य।
- जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र एवं बैंक पासबुक की प्रति आवश्यक।
- प्रशिक्षण प्राप्त आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला ग्रामोद्योग विभाग ने इच्छुक युवाओं एवं कारीगरों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे योजना का लाभ लेकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।