संवाददाता, उरई/जालौन
उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ‘श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर श्रम विभाग एवं शिक्षा विभाग की विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद जालौन के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं श्रमिकों ने मुख्यमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुना।
जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पात्र श्रमिकों को सम्मानित करते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। श्रम प्रवर्तन अधिकारी, उरई द्वारा ‘मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना’ के अंतर्गत अभिषेक कुमार, नीरज कुमार, अरविंद कुमार राठौर एवं राज कुमार को 31-31 हजार रुपये तथा दीपेन्द्र कुमार को 26 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जनपद में श्रमिक कल्याण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ दिया जाए।
जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को सशक्त बनाया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, श्रम अधिकारी जगदीश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।