संवाददाता, कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 1 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।
अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त, यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई गई तथा सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल/खातों से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए गए।
महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए पॉक्सो एक्ट (बाल यौन शोषण से संरक्षण), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी दी गईं।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त एवं सुरक्षित महसूस कराना तथा अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।