संवाददाता, कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने जानकारी दी कि संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को किया जाता है। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा क्रमवार प्रत्येक तहसील में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता की जाती है, जिसमें पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी प्रतिभाग करते हैं।
उन्होंने बताया कि अन्य तहसीलों में जिलाधिकारी द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार मुख्य विकास अधिकारी अथवा नामित अपर जिलाधिकारी कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हैं, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक की सहभागिता रहती है। वहीं, शेष तहसीलों में संबंधित उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित होता है, जिसमें संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहते हैं।
यदि निर्धारित तिथि को सार्वजनिक अवकाश पड़ता है, तो यह कार्यक्रम अगले दिन आयोजित किया जाता है।
रोस्टर के अनुसार, दिनांक 2 मई 2026 को तहसील डेरापुर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त तहसील मैथा में मुख्य विकास अधिकारी, तहसील रसूलाबाद में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) तथा तहसील सिकंदरा में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित होंगे।