संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद मुख्यालय स्थित इंदिरा स्टेडियम का तरणताल अब पूरी तरह तैयार होकर खिलाड़ियों एवं युवाओं के लिए जल्द ही उपलब्ध होने जा रहा है। मा० जल शक्ति मंत्री की निधि से संचालित इस महत्वपूर्ण परियोजना का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया।
तरणताल परिसर में कराए गए व्यापक विकास कार्यों के तहत पाथवे निर्माण, शौचालयों का उन्नयन, बाउंड्रीवाल का सुदृढ़ीकरण, शेड निर्माण, टाइल्स नवीनीकरण, रंगाई-पुताई एवं संपूर्ण रेनोवेशन कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। अब पूरा परिसर आधुनिक, आकर्षक और सुविधाजनक स्वरूप में तैयार हो चुका है।
वर्तमान में तरणताल की तकनीकी टेस्टिंग एवं अंतिम तैयारियों का कार्य जारी है। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाए जाने के बाद इसे मई के प्रथम सप्ताह से आमजन एवं खिलाड़ियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा जनपद के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करेगी तथा स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रशासन खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि इंदिरा स्टेडियम का यह उन्नयन जनपद में खेल गतिविधियों को नई दिशा और गति प्रदान करेगा, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।