संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात पुलिस ने थाना मंगलपुर क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने पूछताछ में हत्या की वारदात और शव को सेंगुर नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंगलपुर में 12 जून 2026 को एक तहरीर प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पड़ोसी युवती ज्योति पुत्री मान सिंह की हत्या कर शव को कार में ले जाकर सेंगुर नदी में फेंक दिया गया।
तहरीर के आधार पर थाना मंगलपुर में मुकदमा संख्या 156/2026 के तहत धारा 103(1)/238ए बीएनएस में रेखा देवी सहित चार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने 13 जून 2026 को ग्राम महोई स्थित टेंपो स्टैंड से वांछित अभियुक्ता रेखा देवी पत्नी वीरू (उम्र लगभग 26 वर्ष), निवासी ग्राम चंद्रकुरा, थाना मंगलपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में किया सनसनीखेज खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि उसका पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहता है और इस दौरान उसके अपने देवर मिलन के साथ अवैध संबंध बन गए थे। 5 जून 2026 को दोनों घर में आपत्तिजनक स्थिति में थे, तभी ननद ज्योति ने उन्हें देख लिया और विरोध करने लगी।
आरोप है कि पकड़े जाने के डर से रेखा देवी और मिलन ने धारदार चाकू से ज्योति की हत्या कर दी। इसके बाद ससुर मान सिंह, मिलन, सुनील उर्फ मौला तथा एक अज्ञात कार चालक की मदद से शव को दरी में लपेटकर सेंगुर नदी में फेंक दिया गया। पुलिस को 8 जून को नदी से शव मिलने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
अभियुक्ता ने यह भी बताया कि वह अपने सह-अभियुक्त मिलन से झींझक रेलवे स्टेशन पर मिलने वाली थी, जहां से दोनों मुंबई भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्ता को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार दुबे, आरक्षी सचिन कुमार, कुमरपाल, कृष्णअवतार, महिला आरक्षी अंशू राजपूत एवं चालक हेड कांस्टेबल सुरजेश शामिल रहे।