संवाददाता
कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार, 13 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रदान की, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।
इस अवसर पर महिलाओं को यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। साथ ही सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट (POCSO), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी।
कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है।
पुलिस प्रशासन ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।