“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर मनाया जाएगा 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, 15 से 21 जून तक होंगे विविध कार्यक्रम

संवाददाता | कानपुर देहात

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) एवं योग सप्ताह (15 जून से 21 जून 2026) के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन, आयुष विभाग, ब्रह्माकुमारी संस्था तथा विभिन्न सामाजिक एवं योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों सहित प्रत्येक आयु वर्ग को योग से जोड़कर उन्हें शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने निर्देश दिए कि योग सप्ताह के दौरान आयोजित सभी कार्यक्रमों में इस थीम को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए तथा जनसामान्य की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित, सकारात्मक और स्वस्थ जीवन का आधार है, जो विशेष रूप से बढ़ती आयु में स्वास्थ्य संरक्षण का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

बैठक में भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए निर्णय लिया गया कि योग दिवस का आयोजन जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसीलों, नगरीय निकायों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि जनपद के योग प्रशिक्षकों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत मास्टर ट्रेनिंग प्रदान की जा चुकी है। प्रशिक्षित योग शिक्षक अमृत सरोवर, शुक्ला तालाब, वृद्धाश्रम, आरोग्य मंदिर, योग एवं वेलनेस सेंटर सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों पर नियमित योगाभ्यास सत्र संचालित करेंगे। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों एवं वृद्धाश्रमों में विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि योग सप्ताह के दौरान वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा विभागीय कर्मचारियों की योग गतिविधियों को आयुष कवच ऐप पर अपलोड कराया जाए।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह ने बताया कि योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून 2026 को 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय, समस्त तहसीलों एवं शुक्ला तालाब, अकबरपुर में सामूहिक योगाभ्यास के साथ किया जाएगा। प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने सभी चिन्हित स्थलों पर नियमित योगाभ्यास एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह को जनभागीदारी का उत्सव बनाकर अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

बैठक के दौरान योग प्रशिक्षक (मास्टर ट्रेनर) अन्नू मिश्रा द्वारा शासन के निर्देशानुसार वाई-ब्रेक योग (Y-Break Yoga) का अभ्यास कराया गया, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने की सलाह दी।

इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह, योग नोडल अधिकारी डॉ. पवन सिंह, डॉ. आफताब आलम, डॉ. अमर सिंह, डॉ. रविंद्र सिंह, डॉ. शिवम सिंह तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) आर.के. पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *