‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित, दिलाई गई स्वच्छता की शपथ

संवाददाता
कानपुर देहात।

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन एवं प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला के मार्गदर्शन में ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला गंगा समिति कानपुर देहात द्वारा ‘नदी, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन ब्राइट एंजेल एजुकेशन सेंटर विद्यालय में जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति कानपुर देहात विवेक कुमार सैनी के नेतृत्व में किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और चित्रों के माध्यम से नदी, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपने विचारों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में प्रियांशी दिवाकर ने प्रथम, सौम्या गौतम शर्मा ने द्वितीय तथा कार्तिक ओमर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ज्योति यादव को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

सभी विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रतियोगिता का आयोजन छात्र-छात्राओं में जल, नदियों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।

उन्होंने कहा कि देश की बड़ी आबादी नदियों के आसपास निवास करती है और कृषि कार्यों के लिए भी नदियों एवं उनसे जुड़ी जल व्यवस्था का महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में नदियों को प्रदूषण से बचाना, जलस्रोतों को स्वच्छ रखना तथा जलीय जीवों एवं जैव विविधता का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सचिन गुप्ता, वन दरोगा, मीनाक्षी सिंह (प्राचार्य) एवं विमल वाजपेयी (अध्यापक) शामिल रहे।

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. बलवीर सिंह ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने एवं स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नदी घाटों एवं नदियों को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से गंगा एवं उसकी सहायक नदियों में किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा न डालने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-स्टाफ में रोहित यादव, उमेश कुमार, मिस गजाला, राजेंद्र सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *