अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एफएलसी प्रक्रिया का लिया जायजा
संवाददाता
कानपुर देहात।
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह ने ईवीएम वेयरहाउस में चल रहे एफएलसी (First Level Checking) कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी, एफएलसी इंचार्ज अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने एफएलसी कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा ईवीएम एवं वीवीपैट की जांच प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से एफएलसी के विभिन्न चरणों एवं अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एफएलसी से संबंधित निर्धारित प्रक्रियाओं एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी दी। निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनाव में उपयोग होने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर की जांच चुनाव से पहले की जाती है और यह प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराई जाती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी का कार्य निर्धारित मानकों, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं प्रचलित नियमों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एफएलसी कार्य के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा मानकों का भी पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए एफएलसी कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं का गंभीरता से पालन करते हुए कार्य को समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा करें।
निर्वाचन आयोग की जानकारी के अनुसार एफएलसी के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट की भौतिक एवं कार्यात्मक जांच की जाती है तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत मॉक पोल भी कराया जाता है। एफएलसी में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, एफएलसी इंचार्ज अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।