जालौन में 24 केंद्रों के 33 मतदेय स्थलों पर पड़ेंगे वोट, शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय
संवाददाता
उरई/जालौन
उरई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जनपद में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज ने बताया कि जनपद जालौन में स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 24 मतदान केंद्रों पर 33 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा तथा निर्वाचन से संबंधित सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय, जालौन में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। निर्वाचन से जुड़ी जानकारी, सुझाव अथवा शिकायत के लिए आमजन 05162-250288 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण और मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।