संवाददाता
उरई/जालौन
उरई। नया पटेल नगर निवासी संजय सिंह पुत्र ताहर सिंह ने 21 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए अपने बैंक खाते में हुए लेनदेन की जांच कराने की मांग की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके बैंक खाते में किन-किन लोगों द्वारा लेनदेन किया गया, इसकी जांच अब तक नहीं कराई गई। इसके अलावा 23 फरवरी 2025 को जेवर ले जाने के लगाए गए आरोपों की भी जांच नहीं की गई।
संजय सिंह का कहना है कि घटना को एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो बैंक खाते से संबंधित लेनदेन की जांच कराई गई और न ही मामले से जुड़े मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई गई। मामले की जांच उपनिरीक्षक संदीप कुमार द्वारा किए जाने की जानकारी शिकायतकर्ता को मिली है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच अधिकारी ने न तो उससे संपर्क किया और न ही उसके पक्ष में कोई साक्ष्य या दस्तावेज लिए। इसके बावजूद जांच आख्या उच्चाधिकारियों को भेज दी गई। इस पर संजय सिंह ने जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब उनका पक्ष ही नहीं सुना गया और कोई साक्ष्य नहीं लिया गया तो जांच किस आधार पर पूरी की गई।
संजय सिंह ने मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बैंक खाते के लेनदेन, सीडीआर और अन्य संबंधित साक्ष्यों की जांच होने पर ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी। उन्होंने निष्पक्ष जांच के माध्यम से न्याय दिलाए जाने की मांग की है।