कानपुर देहात, 14 मार्च 2026।
जनपद कानपुर देहात के विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत सिल्हौला बुज़ुर्ग में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल अर्पण दिवस एवं जल महोत्सव समारोह-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख श्री राकेश बाबू कटियार तथा विशिष्ट अतिथि श्री फूल चंद्र कठेरिया एवं श्री कुलदीप निषाद, नामित सदस्य जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल पद यात्रा (प्रभात फेरी), जल बंधन, जल वंदना, जल संकल्प तथा जल श्रृंगार जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिशाषी अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत 474 घरों में हाउस कनेक्शन के माध्यम से सोलर सिस्टम आधारित ऑटोमेटेड मेथड द्वारा नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों ने भी बताया कि सिल्हौला बुज़ुर्ग पेयजल योजना के माध्यम से गांव में नियमित जलापूर्ति हो रही है, जिससे ग्रामवासियों में खुशी का माहौल है।
अधिशाषी अभियंता ने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और सभी को दैनिक जीवन में शुद्ध पेयजल का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल के उपयोग से लोगों के स्वास्थ्य स्तर (हेल्थ इंडेक्स) में सुधार होगा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामवासी, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, टीपीआई कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर तथा एफटीके महिलाएं उपस्थित रहीं।