कानपुर देहात | संवाददाता
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 30 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, अपराधों से बचाव के उपायों तथा विभिन्न सरकारी एवं पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन तथा 1076 पुलिस कंट्रोल रूम सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया।
इसके साथ ही महिलाओं को यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी दी गई तथा सोशल मीडिया और इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।
पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया गया। इस दौरान पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत साइबर अपराधों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी प्रदान की गई।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को और अधिक प्रभावी बनाना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।