संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस टीमों ने बताया कि 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन तथा 1076 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग किया जा सकता है। महिलाओं एवं बालिकाओं को पुलिस की ऑनलाइन सेवाओं के लिए UPCOP ऐप के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
इसके साथ ही अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति भी सचेत किया गया। पुलिस टीमों ने फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं फर्जी सोशल मीडिया खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अपनी निजी एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया गया। इस दौरान POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न, हिंसा या अपराध की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल पुलिस से संपर्क करें और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का लाभ उठाएं। पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।