सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, 116 में से 34 शिकायतों का मौके पर निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

संवाददाता | उरई/जालौन

शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से तहसील माधौगढ़ सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं।

समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 116 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 34 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों की टीमों को मौके पर भेजते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, आपूर्ति, पंचायत, समाज कल्याण तथा अन्य विभागों से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

दोनों अधिकारियों ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के प्रभावी एवं स्थायी समाधान का माध्यम है। इसलिए सभी अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद, उप जिलाधिकारी माधौगढ़ विनय कुमार मौर्य, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीडीओ प्रशांत पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *