खबर प्रकाशित होते ही सक्रिय हुआ प्रशासन, नगर निकायों ने मौके पर पहुंचकर कराई नालियों की सफाई और जल निकासी
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। जनपद के विभिन्न नगर निकायों में बारिश के कारण सड़कों एवं मार्गों पर जलभराव की समस्या से संबंधित समाचार विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। समाचार प्रकाशित होते ही संबंधित अधिकारियों को जलभराव की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन के निर्देश पर संबंधित नगर निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद जल निकासी के लिए नालियों की सफाई कराई गई तथा आवश्यकतानुसार जल निकासी के मार्ग को सुचारु कराया गया। कार्रवाई के बाद सड़कों एवं मार्गों पर जमा पानी की निकासी होने से आवागमन सामान्य हो गया।
अधिकारियों द्वारा जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराते हुए यह भी देखा गया कि बारिश के पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा न रहे। संबंधित कर्मचारियों को जल निकासी व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कराया जा रहा है। प्रशासन द्वारा समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से सामने आने वाली जनसमस्याओं का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए संबंधित नगर निकायों को नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकतानुसार सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन, कानपुर देहात ने कहा कि जनपदवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के समयबद्ध, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।