उरई/जालौन | संवाददाता
जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जोल्हूपुर के पास हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए इसे गंभीर बताया और दुर्घटना के ऑडिट के लिए एसडीएम, सीओ, एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी एवं एनएचएआई अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी टोल प्लाजा पर 24 घंटे पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित करने तथा थके हुए चालकों को रेस्ट एरिया में विश्राम के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिवहन विभाग को वाहन चालकों एवं परिचालकों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं दक्षता परीक्षण शिविर आयोजित करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हाईवे किनारे अवैध पार्किंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाना तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
शिक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में नियमित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शहरी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जिलाधिकारी ने नगर प्रशासन को सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगाने तथा व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, एआरटीओ राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।