सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता हेतु PM RAHAT, eDAR एवं iRAD ऐप का प्रशिक्षण आयोजित

संवाददाता, जालौन

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में पुलिस लाइन सभागार में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने हेतु PM RAHAT कैशलेस योजना, eDAR पोर्टल एवं iRAD Mobile App के संचालन एवं उपयोग संबंधी एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में जनपद के समस्त थानों के विवेचकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं नामित पुलिस कर्मियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटना से संबंधित मामलों में समयबद्ध रूप से eDAR पोर्टल पर पीड़ितों का विवरण दर्ज करने, Victim ID तैयार करने तथा PM RAHAT कैशलेस योजना के अंतर्गत पात्र पीड़ितों को तत्काल लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके साथ ही iRAD Mobile App के माध्यम से दुर्घटना संबंधी सूचनाओं के त्वरित एवं सही फीडिंग की तकनीकी जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि सभी दुर्घटना प्रकरणों का डिजिटल रिकॉर्ड समय पर तैयार किया जा सके और पीड़ितों को शीघ्र सहायता मिल सके।

प्रशिक्षण सत्र में क्षेत्राधिकारी यातायात राजीव कुमार शर्मा एवं प्रभारी यातायात वीर बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। तकनीकी प्रशिक्षण अपर सूचना विज्ञान अधिकारी पंकज कुमार, iRAD मैनेजर प्रवीण कुमार तथा तकनीकी सहायक (NIC जालौन) मेहर प्रकाश द्वारा प्रदान किया गया।

कार्यशाला में पीएम राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक दुर्घटना प्रकरण में निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा का पालन करते हुए eDAR एवं iRAD प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें, जिससे पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *