संवाददाता | उरई/जालौन
माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं आयुक्त राज्य कर उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में राज्य कर विभाग, जनपद जालौन द्वारा नगर उरई में “व्यापारी संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों की कर संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ-साथ उन्हें जीएसटी के नवीन प्रावधानों एवं डिजिटल कर प्रणाली की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनकी कर संबंधी समस्याओं एवं शंकाओं का मौके पर ही समयबद्ध निस्तारण किया। साथ ही जीएसटी 2.0 (GST 2.0) के नए प्रावधानों, ई-इनवॉयसिंग, सुगम रिटर्न फाइलिंग, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) तथा नियम 14A से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से साझा की गईं।
अधिकारियों ने बताया कि संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य करदाताओं को जीएसटी पोर्टल की तकनीकी प्रक्रियाओं से व्यावहारिक रूप से अवगत कराना, कर संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल के पदाधिकारी डॉ. दिलीप सेठ, संतोष गुप्ता, अधिवक्तागण, गोविन्द रेजा, राजेन्द्र निगम, मोहम्मद वासित, महेन्द्र निगम, मुरलीधर गुप्ता, अक्षत अग्रवाल एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट सौरभ महेश्वरी सहित नगर के अनेक व्यापारियों ने भाग लेकर विभागीय अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
राज्य कर विभाग की ओर से उपायुक्त जय शंकर शाही, अमित कुमार यादव, सहायक आयुक्त आशीष मिश्रा, दीप्ति सिंह तथा राज्य कर अधिकारी सचिन आनंद, रामानन्द, पीतम सिंह सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने व्यापारियों से कर नियमों का पालन करते हुए डिजिटल प्रक्रियाओं को अपनाने तथा समय पर रिटर्न दाखिल करने की अपील की, जिससे कर व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाई जा सके।