वैज्ञानिक साक्ष्य से मजबूत होगी पुलिस विवेचना, भोगनीपुर में पुलिसकर्मियों को मिला प्रशिक्षण

जालौन मॉडल की तर्ज पर सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट तैयार करने की दिशा में पहल, फॉरेन्सिक साक्ष्य संकलन की बारीकियां बताईं

संवाददाता
भोगनीपुर/कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में जालौन मॉडल के तहत सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट तैयार करने की दिशा में पुलिस ने कदम बढ़ाया है। इसी क्रम में गुरुवार को थाना भोगनीपुर परिसर में सर्किल भोगनीपुर के विभिन्न थानों के पुलिसकर्मियों के लिए फॉरेन्सिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के निर्देशन व मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं फॉरेन्सिक साक्ष्यों को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संकलित करने की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में साक्ष्यों की गुणवत्ता एवं अखंडता बनाए रखने, घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र करने तथा विवेचना के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग के संबंध में व्यवहारिक जानकारी दी गई।

साक्ष्यों के संरक्षण पर विशेष जोर

पुलिसकर्मियों को बताया गया कि घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक एवं फॉरेन्सिक साक्ष्य विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में साक्ष्यों के संकलन, पैकेजिंग, संरक्षण और सुरक्षित रखने की प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।

अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को साक्ष्य संकलन की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने और घटनास्थल पर उपलब्ध महत्वपूर्ण साक्ष्यों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।

विवेचना में वैज्ञानिक साक्ष्यों के बेहतर उपयोग पर जोर

अधिकारियों के मुताबिक प्रशिक्षण का उद्देश्य घटनास्थल पर फॉरेन्सिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाना है, ताकि विवेचनाओं में वैज्ञानिक साक्ष्यों का बेहतर उपयोग किया जा सके।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर राजीव सिरोही, क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह सहित संबंधित थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *