मिशन शक्ति 5.0: बाजारों में गूंजी महिला सुरक्षा की आवाज

कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं-बालिकाओं को बताए कानूनी अधिकार, हेल्पलाइन और साइबर अपराध से बचाव के तरीके

संवाददाता
कानपुर देहात

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत गुरुवार को कानपुर देहात पुलिस ने जिलेभर के बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में थाना पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला अपराधों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही विपरीत परिस्थितियों में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

पुलिस ने 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन और 1076 के बारे में जानकारी देते हुए इनके उपयोग के बारे में बताया।

साइबर अपराध से बचाव के तरीके समझाए

पुलिस टीम ने महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की जानकारी भी दी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने के लिए व्यावहारिक जानकारी दी गई।

महिलाओं को फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के प्रति सावधान किया गया। पुलिस ने अनजान लोगों के साथ निजी एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करने की सलाह भी दी।

कानूनी अधिकारों को लेकर किया जागरूक

जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

पुलिस ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता महिलाओं को अपराधों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। किसी भी विपरीत परिस्थिति में तत्काल सहायता लेना जरूरी है।

कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने के लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *