अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय और एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने बुजुर्गों से किया संवाद
संवाददाता
कानपुर देहात
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने रनियां स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की। अधिकारियों ने वृद्धजनों का कुशलक्षेम जाना और उनके साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली।
पुष्प-माला पहनाकर किया सम्मान
इस दौरान वृद्धजनों को पुष्प-माला पहनाकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बुजुर्गों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने वृद्धजनों की आवश्यकताओं और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनकी सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान बनाए रखने पर जोर दिया।
बुजुर्गों के सम्मान और गरिमा का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया। पुलिस प्रशासन की इस पहल के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच आत्मीयता और अपनापन देखने को मिला।
इस अवसर पर रनियां थानाध्यक्ष सौरभ कुमार, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, संस्था के कर्मचारी एवं क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।