₹7 हजार तक पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से होंगे सम्मानित, विभिन्न विधाओं में आवेदन प्रक्रिया शुरू
संवाददाता
कानपुर देहात
कृषि, बागवानी, पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर 23 दिसंबर 2026 को किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिले के उत्कृष्ट एवं प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया जाएगा।
महज 10 रुपये शुल्क पर कर सकेंगे आवेदन
उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव ने बताया कि किसान सम्मान दिवस के तहत पुरस्कार के इच्छुक किसान महज 10 रुपये आवेदन शुल्क जमा कर संबंधित विधा अथवा फसल प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
कृषि फसल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले किसान अपना आवेदन संबंधित विकासखंड के बीज गोदाम प्रभारी, बीटीएम अथवा एटीएम के पास जमा कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदन सीधे उप कृषि निदेशक कार्यालय में भी जमा किया जा सकेगा।
बागवानी, पशुपालन और मत्स्य पालक भी ले सकेंगे हिस्सा
फल, सब्जी, फूल एवं मसाला जैसी औद्यानिक फसलों में उत्कृष्ट उत्पादन करने वाले किसान जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा कर सकेंगे। इसी प्रकार पशुपालक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय तथा मत्स्य पालक सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय में आवेदन कर सकेंगे।
प्राप्त आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा वैज्ञानिक एवं तकनीकी मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। सर्वाधिक उत्पादकता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कृषकों का चयन कर किसान सम्मान दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
प्रथम पुरस्कार ₹7 हजार, द्वितीय को ₹5 हजार
चयनित विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹7,000, द्वितीय पुरस्कार के रूप में ₹5,000 तथा विकासखंड स्तर पर ₹2,000 की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से उनके पंजीकृत बैंक खातों में भेजी जाएगी।
इसके साथ ही विजेता किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक ने जिले के सभी प्रगतिशील किसानों, बागवानों, पशुपालकों एवं मत्स्य पालकों से समय से आवेदन जमा कर प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।