विश्व रक्तदान दिवस पर 14 जून को होगा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर जिला पुरुष चिकित्सालय उरई में नालसा-सालसा योजनाओं व पशु क्रूरता संरक्षण कानूनों पर दी जाएगी जानकारी

संवाददाता | उरई/जालौन

सचिव/तहसीलदार, तहसील विधिक सेवा समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जालौन के निर्देशन में विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 14 जून 2026 को जिला पुरुष चिकित्सालय, उरई में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन अपराह्न 10:00 बजे से किया जाएगा, जिसमें आमजन को नालसा (NALSA), सालसा (SALSA), राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पशु क्रूरता से संरक्षण संबंधी कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

शिविर के लिए श्री महेश सिंह परिहार एवं श्री महेन्द्र कुमार मिश्रा को पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) के रूप में टीम लीडर नामित किया गया है। दोनों पीएलवी कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड विकास अधिकारी डकोर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी (शहर), बाल विकास परियोजना अधिकारी (शहर) एवं पूर्ति निरीक्षक उरई सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित किया गया है।

विधिक सेवा समिति ने सभी संबंधित विभागों एवं आमजन से निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा विधिक अधिकारों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *