मिशन शक्ति 5.0 के तहत प्रोजेक्ट ‘नई किरण’ की शुरुआत, तीन परिवारों में हुआ समझौता

संवाददाता
कानपुर देहात

महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को समर्पित मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रोजेक्ट ‘नई किरण’ की शुरुआत की गई। इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर बिखरे परिवारों को पुनः एकजुट करना है।

कार्यक्रम के दौरान कुल 30 प्रकरणों की सुनवाई की गई। प्रोजेक्ट नई किरण की टीम द्वारा दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के बाद तीन परिवारों में आपसी सहमति से सफल समझौता कराया गया, जिसके बाद पति-पत्नी खुशी-खुशी साथ रहने के लिए तैयार हो गए। शेष मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई।

पुलिस विभाग के अनुसार प्रोजेक्ट नई किरण का उद्देश्य केवल विवादों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि संवाद और आपसी विश्वास के माध्यम से पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाना तथा समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण स्थापित करना है।

कार्यक्रम में थानाध्यक्ष सुषमा, महिला मुख्य आरक्षी जयमाला, महिला आरक्षी रीनू, रंजना सोनकर, शालू देवी सहित प्रोजेक्ट नई किरण की सदस्य श्रीमती कंचन मिश्रा एवं डॉ. पूनम गुप्ता ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने पारिवारिक विवादों को सुलझाने और रिश्तों में नई उम्मीद जगाने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *