संवाददाता | उरई/जालौन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शाम्भवी प्रथम ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के निस्तारण हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह के निर्देशन में जिला न्यायालय जालौन, उरई में भी संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सुलह एवं सहमति के आधार पर निस्तारण करना है।
21 अप्रैल से शुरू हुआ समाधान समारोह
प्राधिकरण सचिव ने बताया कि “समाधान समारोह 2026” की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से हो चुकी है, जिसके अंतर्गत राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों के मध्यस्थता केंद्रों पर सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों को आपसी सहमति से समाधान निकालने में सहायता प्रदान करेंगे। पक्षकार सशरीर अथवा ऑनलाइन माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं।
ऐसे करें आवेदन
विशेष लोक अदालत में अपने मामले को शामिल करने के लिए पक्षकारों को गूगल फॉर्म भरना होगा। यह फॉर्म सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया वेबसाइट पर उपलब्ध है।
गूगल फॉर्म लिंक:
विशेष लोक अदालत आवेदन फॉर्म
फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
सहायता के लिए संपर्क
विशेष लोक अदालत से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। इच्छुक पक्षकार अधिक जानकारी हेतु सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी हेल्पलाइन एवं ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।