संवाददाता | कानपुर देहात
किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं कृषि से संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान संगठन प्रतिनिधि एवं किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के मंडल अध्यक्ष रशीद अहमद आजाद सहित जनपद के लगभग 35 किसानों ने प्रतिभाग किया।
उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव ने किसान दिवस में उपस्थित अधिकारियों, किसान प्रतिनिधियों एवं प्रगतिशील किसानों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने की अपील करते हुए कहा कि इसके बिना विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है।
जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को बागवानी मिशन योजनाओं, फलों एवं सब्जियों की खेती, ड्रिप इरिगेशन, स्प्रिंकलर सिंचाई एवं मशरूम उत्पादन से होने वाले लाभों की जानकारी दी। साथ ही डीग में संचालित हाईटेक नर्सरी के बारे में भी अवगत कराया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने आगामी खरीफ सीजन के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी देते हुए किसानों को धरती माता बचाओ अभियान के बारे में बताया। उन्होंने किसानों को अत्यधिक गर्मी एवं लू से बचाव के उपाय भी बताए, जिनमें दोपहर के समय खेतों में कार्य न करना, हल्के रंग के सूती वस्त्र पहनना तथा पर्याप्त पानी पीना शामिल है।
किसानों को यह भी बताया गया कि फसलों की सुरक्षा के लिए सुबह एवं शाम के समय सिंचाई करें तथा खेतों में नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग तकनीक अपनाएं।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद में कृषि रक्षा रसायनों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आगामी खरीफ फसलों में कीट एवं रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
उपायुक्त मनरेगा ने किसानों को आश्वस्त किया कि जल बहाव से प्रभावित कच्ची नालियों की शीघ्र सफाई एवं खुदाई कराई जाएगी, जिससे नहर एवं नलकूपों से सिंचाई व्यवस्था सुचारु हो सके।