संवाददाता, कानपुर देहात |
कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना रूरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का खुलासा कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त वाहन, उपकरण और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2026 को वादी स्वर्ण सिंह निवासी जनपद जालौन ने थाना रूरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम इंजुआरामपुर रेलवे अंडरपास के पास स्थित मोबाइल टावर से 300Ah की 144 बैटरियां अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई हैं। इस संबंध में थाना रूरा पर मुकदमा संख्या 76/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान 24 अप्रैल 2026 को तड़के करीब 4 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अमौली ठाकुरान चौराहे के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नरेन्द्र चौहान (27 वर्ष) निवासी विजयनगर थाना गजनेर और अमन कटियार (20 वर्ष) निवासी रानीपुर हरिहरपुर थाना सिकंदरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिकअप वाहन, नकब लगाने के उपकरण, सात रिंच-पाना, एक कटर, एक अवैध 12 बोर तमंचा, कारतूस, 20,850 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी करने की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि चोरी की गई बैटरियों को फैक्ट्री क्षेत्र में बेच दिया गया था और बरामद नकदी उसी का हिस्सा है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
आपराधिक इतिहास:
मुख्य आरोपी नरेन्द्र चौहान के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अमन कटियार के खिलाफ भी इसी मामले में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
- उपनिरीक्षक अनूप पाण्डेय
- कांस्टेबल राहुल
- कांस्टेबल सुमित