संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में 11 मार्च 2026 को सर्किट हाउस माती के सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती अर्चना पटेल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उत्पीड़न की रोकथाम तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना था।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, दहेज, मारपीट आदि से संबंधित कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सदस्या अर्चना पटेल ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि इन योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़ी प्रत्येक महिला तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कल्याण, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना शासन की प्राथमिकता है। साथ ही महिलाओं के शैक्षिक, आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार, सहायक श्रमायुक्त, सहायक जिला पंचायत अधिकारी, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा हब फॉर इम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन से जिला मिशन समन्वयक, जेंडर स्पेशलिस्ट और सेंटर मैनेजर ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान सदस्या अर्चना पटेल ने सभी अधिकारियों के साथ वार्ता कर विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन व व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।