संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर जनपद के नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति से अवगत कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आवेदक को समय-समय पर उसके प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी मिलती रहे, जिससे प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो।
जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकता योजनाओं एवं जनशिकायत निस्तारण प्रणाली के अंतर्गत संचालित आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर प्राप्त कोई भी शिकायत लंबित न रहे और सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय सभी अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (जूम) के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इसका उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि समस्याओं का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक जनसुनवाई आयोजित करने के निर्देश भी दिए।