राजपुर पुलिस को बड़ी सफलता, पशु चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार

कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना राजपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पशु चोरी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की दो भैंसें, एक लोडर वाहन तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को बेहलाई पशु बाजार में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर थाना राजपुर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेन्द्र सिंह उर्फ छोटू (24 वर्ष), रणदीप (22 वर्ष) तथा रोशन (26 वर्ष) निवासी ग्राम जामू, थाना बिधनू, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान अभियुक्त शैलेन्द्र सिंह उर्फ छोटू के पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। वहीं आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो भैंसें और एक लोडर वाहन (UP 78 GN 9339) भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भैंस चोरी कर उन्हें लोडर वाहन के माध्यम से विभिन्न पशु बाजारों में बेचते थे। बिक्री से प्राप्त धनराशि को आपस में बांटकर अपने खर्च पूरे करते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि बरामद दोनों भैंसें उन्होंने अपने ही गांव के निवासी महेश कश्यप के घर के बाहर से चोरी की थीं और बेचने के लिए पशु बाजार लाए थे, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना राजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 064/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही बरामद लोडर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत सीज कर दिया गया है।

बरामदगी

  • चोरी की 02 भैंसें
  • लोडर वाहन संख्या UP 78 GN 9339
  • 01 अवैध चाकू

आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ कानपुर नगर एवं कानपुर देहात में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे पंजीकृत हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्रवाई को थाना राजपुर पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *