राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों के प्रस्तावित सम्भाजन पर विस्तृत विचार-विमर्श

संवाददाता
कानपुर देहात

मतदाताओं को सुगम एवं सुविधाजनक मतदान व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के प्रस्तावित सम्भाजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने की।

बैठक में प्रदेश की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं रसूलाबाद की विधायक पूनम संखवार विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान जनपद के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत कीं।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदेय स्थलों के प्रस्तावित सम्भाजन पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना किसी असुविधा के मतदान की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों तक पहुंचने में मतदाताओं को कठिनाई न हो, इसके लिए मतदेय स्थलों का युक्तिसंगत एवं नियमसम्मत सम्भाजन किया जाएगा।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बिंदुओं का परीक्षण कर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नियमबद्ध तरीके से संपन्न होगी, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में आमजन का विश्वास और मजबूत हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों के निर्धारण एवं सम्भाजन के दौरान मतदाताओं की संख्या, भौगोलिक स्थिति, आवागमन की सुविधा तथा मतदान केंद्रों की आधारभूत व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े तथा दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी गिरिवर प्रसाद, उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भोगनीपुर देवेन्द्र सिंह, अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, सिकन्दरा प्रदुमन, रसूलाबाद अभिषेक कुमार सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में समाजवादी पार्टी से डा. नरेन्द्र सिंह, शेखू खान एवं बृजमोहन सिंह, भारतीय जनता पार्टी से श्याम बिहारी शुक्ला एवं श्यामू शुक्ला, आम आदमी पार्टी से भगवान सिंह यादव, बहुजन समाज पार्टी से आशुतोष गौतम तथा सीपीआई से रामऔतार भारती सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *