रसूलाबाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार

कानपुर देहात | संवाददाता

कानपुर देहात में महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रसूलाबाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की शिकायत थाना रसूलाबाद में दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़िता की बरामदगी, मेडिकल परीक्षण एवं न्यायालय में दर्ज कराए गए बयानों के बाद मामले में संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। जांच के दौरान आनंद तथा रवि कुमार के नाम प्रकाश में आए।

थाना रसूलाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित आरोपी रवि कुमार (20 वर्ष), पुत्र लालता, निवासी ग्राम असन्दा, थाना रूरा, जनपद कानपुर देहात को 4 जुलाई 2026 को थाना रनियां क्षेत्र के ग्राम उमरन से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामप्रकाश, कांस्टेबल विनोद पुरी तथा महिला आरक्षी गौरव कुमार विमल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *