संवाददाता, कानपुर देहात।
जनपद कानपुर देहात में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत यमुना नदी के अमराहट घाट पर स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला गंगा समिति के तत्वावधान में किया गया, जिसमें जिलाधिकारी कपिल सिंह (अध्यक्ष, जिला गंगा समिति) एवं मुख्य विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी विधान जायसवाल ने मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. पाण्डेय के निर्देशन में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी के नेतृत्व में एम.एन.पी. हाई स्कूल, सिकंदरा से निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। रैली मालवीय नगर, गांधी नगर, मोहम्मद नगर होते हुए सुभाष नगर पटेल चौक पर समाप्त हुई। रैली को जिला परियोजना अधिकारी, डायरेक्टर मोहम्मद मारूफ एवं सुभारती इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक यश यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के दौरान छात्रों ने “स्वच्छ गंगा, स्वस्थ जीवन”, “नदी बचाओ, भविष्य सजाओ” और “गंगा की स्वच्छता, हम सबकी जिम्मेदारी” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। इसके उपरांत छात्रों को यमुना नदी के अमराहट पम्प कैनाल पर शैक्षिक भ्रमण कराया गया, जहां पम्प कैनाल की कार्यप्रणाली एवं नदियों के जल उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें दीपिका सेंगर, मोहम्मद मारूफ एवं यश यादव निर्णायक रहे। प्रतियोगिता में सौम्या प्रथम, अंश द्वितीय तथा अर्शिका तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने अमराहट घाट पर सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
जिला परियोजना अधिकारी ने छात्रों और आमजन को गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया और कहा कि नदियाँ जीवन का आधार हैं और उनका संरक्षण हमारा कर्तव्य एवं जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के समापन पर दीपिका सेंगर ने सभी से स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर वन दरोगा आशीष कनौजिया, शिक्षक नरसिंह कुशवाहा, शिवांश चौहान, नेहा राठौर, शना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।