संवाददाता, कानपुर देहात।
जनपद कानपुर देहात में भारत सरकार की जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के सफल संचालन हेतु त्रिदिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 18, 19 एवं 20 मार्च 2026 को दो चरणों (प्रथम एवं द्वितीय बैच) में राजकीय महाविद्यालय, अकबरपुर में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दुष्यंत कुमार मौर्य ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को जनगणना के प्रथम चरण में किए जाने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के सभी बिंदुओं पर गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में निम्न बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया:
-
डिजिटल उपकरणों का सही उपयोग और डेटा संकलन की प्रक्रिया।
-
निर्धारित प्रपत्रों का त्रुटिरहित भराव।
-
समयबद्ध कार्य निष्पादन एवं सटीक आंकड़ा संकलन।
-
फील्ड स्तर पर संभावित चुनौतियों और उनके समाधान।
अधिकारियों ने प्रतिभागियों को यह बताया कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय दायित्व है और इसके माध्यम से देश की सामाजिक, आर्थिक एवं विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। अतः सभी संबंधित कार्मिकों से अपेक्षा की गई कि वे पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने कार्य का निर्वहन करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शालिनी उत्तम, राजकीय महाविद्यालय प्राचार्य, जनगणना नोडल अधिकारी वर्तिका गुप्ता सहित अन्य प्रशिक्षण ट्रेनर उपस्थित रहे।
इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण समय पर, सटीक और प्रभावी ढंग से पूर्ण किया जा सके।
We use cookies