संवाददाता : कानपुर देहात
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, रमाबाईनगर (कानपुर देहात) में संविदा के आधार पर नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, रमाबाईनगर (कानपुर देहात) द्वारा दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकरण में सहायक लिपिक के एक रिक्त पद पर संविदा के आधार पर नियुक्ति की जाएगी। इस पद के लिए ऐसे सेवानिवृत्त कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने केंद्र सरकार, राज्य सरकार, स्थानीय निकाय, सार्वजनिक उपक्रम, स्वायत्तशासी संस्थानों अथवा अन्य सरकारी विभागों में समान पद पर कार्य किया हो।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 01 जून 2026 को 60 वर्ष से अधिक तथा 65 वर्ष से कम होनी चाहिए। इसके साथ ही अभ्यर्थी को कंप्यूटर का पर्याप्त ज्ञान होना अनिवार्य है।
चयनित अभ्यर्थी को सेवा निवृत्ति के समय प्राप्त अंतिम वेतन से शुद्ध पेंशन की धनराशि घटाने के उपरांत प्राप्त राशि के बराबर प्रतिमाह मानदेय देय होगा। नियुक्ति प्रक्रिया का चयन मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, रमाबाईनगर (कानपुर देहात) के पीठासीन अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र जन्मतिथि, सेवा विवरण, सेवानिवृत्ति संबंधी अभिलेख, नवीनतम फोटो एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियों सहित मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, रमाबाईनगर (कानपुर देहात) के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 16 जून 2026 अपराह्न 4:00 बजे निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा।
अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, रमाबाईनगर (कानपुर देहात) के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।