उरई (जालौन)। राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल प्रशासन ने साफ-सफाई, स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में विशेष अभियान शुरू किया है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संतोष वर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
डॉ. वर्मा ने निर्देश दिए कि सभी वार्डों, ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, कॉरिडोर तथा अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बायो-मेडिकल वेस्ट (चिकित्सीय कचरा) के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाए और नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं की निगरानी की जाए। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
प्राचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी को अस्पताल परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं मरीजों के अनुकूल बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।