कानपुर देहात, 30 अगस्त 2026।
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण के फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का आयोजन किया गया।
साइकिल रैली में जनपद के कुल 68 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली का शुभारंभ क्रीड़ाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान खिलाड़ियों में फिटनेस और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी खिलाड़ियों को लकी ड्रॉ के माध्यम से सम्मानित भी किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विजय गुप्ता, माधव मिश्रा, राघव मिश्रा एवं गणेश श्रीवास्तव सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर जनपद के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
जिला खेल कार्यालय के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और खिलाड़ियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना था।